Saturday, November 14, 2026

जीवित अथवा मृत!

 मुर्दे की अर्थी को चिता के ऊपर रख दिया गया था। चिता में आग लगाने से पहले शव के मुंह में तुलसी का पानी डाला गया। अचानक खांसने की आवाज आई। तुलसी का पानी मुंह में डालते ही उस मृत महिला को खांसी प्रारंभ हो गई। यह देखकर सभी हैरान हो गए। 

वास्तव में गोरखपुर में रहने वाली चव्वन वर्षीया महिला, ललिता रानी का अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसके देवर, चंद्रमौली ने बताया कि वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद परिवार वाले उसे घर ले आए और कुछ घंटे के बाद उसकी चिता को अग्नि देने के लिए शमशान घाट पर ले गए। 

चिता को जलाने से पहले वहां सभी विधि विधान  किए जा रहे थे। उनमें से एक विधान यह भी था कि शव के मुख में तुलसी का पानी डाला जाता। लेकिन तुलसी का पानी डालते ही ललित रानी को जोर की खांसी आई। यह देखकर सभी हैरान हो गए कि ललिता अभी जीवित है! वे उसे तुरंत गोरखपुर के बी आर डी अस्पताल में ले गए। वहां आपातकालीन विभाग में उसका तुरंत उपचार प्रारंभ हो गया। उपचार के कुछ दिनों पश्चात वह स्वस्थ भी हो गई।

यह एक संशय का विषय हो सकता है कि, ललिता रानी की सचमुच मृत्यु हो गई थी और कुछ घंटे बाद वह पुनर्जीवित हो उठी; अथवा डॉक्टरों ने ही त्रुटि वश, उस जीवित महिला को मृत घोषित कर दिया था!


Friday, October 2, 2026

निराले नन्हे मेहमान

 उड़ीसा के बालासोर जिले में कुछ लोग सवेरे घूमने के लिए निकले, तो उन्होंने देखा, कि वहां पेड़ों पर औरांगुटान लटक रहे थे। ये ओरांगुटान के नन्हे बच्चे थे। यह बच्चे बिल्कुल रोंयेदार, मुलायम खिलौनों की तरह ही लग रहे थे। इन पांच बच्चों को पेड़ों पर लटकता और उछलता-कूदता हुआ देखकर, राह में चलते हुए यात्री बहुत प्रसन्न हो रहे थे। वे वह कुछ देर तक रुककर इनको देखते; फिर अपनी राह चल देते।

 लेकिन कुछ जानकार यात्रियों ने जब इन्हें देखा तो वे हैरान ही हो गए। उन्होंने कहा कि ये साधारण बंदर नहीं हैं। यह तो औरंगुटान के बच्चे हैं। हमारे देश में तो औरांगुटान होते ही नहीं! ये तो उष्णकटिबंधीय देशों में पाए जाते हैं। फिर यह पांच बच्चे कहां से आ गए? लगता है कि कोई रात में ही इन्हें यहां छोड़ गया है। मलेशिया और इंडोनेशिया में रहने वाले औरांगुटान भारत में तो जीवित भी शायद नहीं रह पाएंगे।

 किसी ने वन्य अधिकारियों को उनके बारे में सूचित कर दिया। वन्य अधिकारी थोड़ी देर में वहां पहुंच गए। उन्होंने पांचो नन्हें ओरांगुटान बच्चों को बड़ी सावधानीपूर्वक पकड़ लिया। इनमें तीन नर बच्चे और दो मादा बच्चे थे। वन्य अधिकारियों ने कहा कि लगता है कि इन्हें मलेशिया या इंडोनेशिया जैसे देशों से तस्करी करके यहां लाया गया है। फिर पकड़े जाने के डर से इनको यहीं जंगलों में छोड़ दिया गया। ये बच्चे एक से डेढ़ साल के बीच में हैं। अगर इनकी तुरंत अच्छी देखरेख न की गई तो ये बच्चे शायद जीवित न बचें। 

उन बच्चों को तुरंत भुवनेश्वर के पास नंदनकानन नामक चिड़िया घर में ले जाया गया। वहां उन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। वैसे तो नन्हें औरांगुटान अपनी मां का दूध पीकर प्रसन्न होते हैं।  लेकिन यहां इन्हें बोतल से दूध पिलाने का प्रयत्न किया गया। बच्चे बहुत अच्छे थे। तुरंत वातावरण में ढल गए। ऐसा प्रतीत होता था मानो वे पहले भी मानव संपर्क में रहकर, बोतल से दूध पीना सीख चुके थे। उन्होंने दूध भी पी लिया और मस्ती में खेलने भी लगे।

 वन अधिकारियों से पूछा गया कि बड़े होकर क्या ये नंदन कानन चिड़ियाघर का ही एक हिस्सा बन जाएंगे? तो उन्होंने बताया कि ये नन्हे मुन्ने अभी हमारे मेहमान हैं। जैसे ही उचित व्यवस्था होगी इन्हें उनके देश में वापिस भेज दिया जाएगा। अगर इनका कोई अता-पता न लगा तो इन्हें इसी चिड़ियाघर में सुरक्षित रख लिया जाएगा।

 अभी तो निराले नन्हे मेहमान खूब खातिरदारी करवा रहे हैं। उन्हें किसी से मिलने भी नहीं दिया जाता। परंतु जब ये बड़े हो जाएंगे तो शायद ये इसी चिड़ियाघर की शोभा बढ़ाएंगे।

Wednesday, September 23, 2026

नन्हा हाथी

 जलपाईगुड़ी से निकलती हुई तीस्ता नदी अपने पूरे उफान पर थी। बबलू दास अपनी नाव को खूंटे के सहारे रस्सी से बांध रहा था। तभी उसकी नज़र नदी में से निकलती हुई छोटी सी सूंड पर जा पड़ी। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो वह किसी नन्हे हाथी की सूंड हो। उसे उत्सुकता हुई कि यह क्या है?

वह नाव खोलकर तुरंत उस सूंड की ओर बढ़ चला।  वहां जाकर उसने देखा कि वास्तव में हाथी का एक नवजात शिशु, तैरने की कोशिश करता हुआ, सूंड ऊपर करके, सांस लेने का प्रयत्न कर रहा है। बबलू दास ने तनिक भी देर न लगाई और अपने साथियों मिथुन दास, केदार दास, विश्वनाथ और गोपाल को भी वही बुला लिया। सभी मित्रों ने मिलकर नन्हे हाथी को अपनी नावों पर रखा। जैसे तैसे उसे वे किनारे पर ले आए। 

वह इतना नन्हा था कि लग रह रहा था कि एक या दो दिन पहले ही उसका जन्म हुआ है। एक बार तो उन्हें समझ नहीं आया कि वे करें क्या? फिर बबलू दास  ने अपने मित्रों को सुझाया कि हमें वन विभाग के अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। वे ही इस बच्चे की जान बचा सकते हैं। मित्र भी सहमत थे। वन अधिकारियों को फोन किया गया। दस-पन्द्रह मिनट बाद ही वन अधिकारी वहां पहुंच गए। 

वन अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पिछले दिन ही पांच हाथियों का झुंड यहां से होता हुआ गुजारा है। सिक्किम में बहुत अधिक बारिश हो रही हैं। इसके कारण तीस्ता नदी का उफान भी यहां तक आ पहुंचा। उसी समय यह बच्चा उस हाथी के झुंड से बिछुड़ गया होगा। शायद यह उन्हीं हाथियों का ही बच्चा होगा। अधिकारियों ने बताया कि यह बच्चा अभी केवल चार-पांच दिन का ही है।

उन अधिकारियों ने यह भी कहा कि अगर इस बच्चे को जल्दी ही उसे झुंड में नहीं छोड़ा गया तो वे इस बच्चे को लावारिस ही छोड़ देंगे। वे इसे अपने झुंड में शामिल नहीं करेंगे। वास्तव में, अगर हाथी का नन्हा बच्चा, इंसानों के साथ अधिक समय तक रह जाए; तो हाथियों का झुंड उसे स्वीकार नहीं करता। इसीलिए बच्चे को हाथियों तक पहुंचाने में शीघ्रता करनी चाहिए। 

 बबलू दास और उसके मित्रों ने वन अधिकारियों के साथ मिलकर उस झुंड को ढूंढने का प्रयत्न किया।  सौभाग्यवश झुंड अभी बहुत दूर नहीं गया था। आधे घंटे बाद ही उन्होंने देखा कि हाथियों का झुंड वृक्षों के नीचे खड़ा था। उन्हें लगा कि संभवतः इसी झुंड में इस बच्चे की मां भी अवश्य होगी। 

उन्होंने उस बच्चे को झुंड से थोड़ी दूरी पर छोड़ दिया। उन सभी को आश्चर्य मिश्रित प्रसन्नता हुई कि बच्चे की मां ने उसे पहचान लिया और वह तुरंत उसके पास आ गई। बच्चे ने अपनी मां का दूध भी पीना प्रारंभ कर दिया और वह भी वहीं खड़ी उसे दूध पिलाती रही। यह बहुत ही मर्मस्पर्शी दृश्य था। वन अधिकारी, सचिन और उसके मित्र दूर खड़े यह सब देखते रहे। थोड़ी देर बाद वे सभी वहां से वापिस आ गए। 

वन अधिकारियों ने बबलू दास और उसके साथियों का बहुत-बहुत धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उन सब मित्रों बहुत ही उत्कृष्ठ भलाई का कार्य किया है। शायद यह बच्चा जीवित न रह पाता अगर उन सब ने उसकी सहायता न की होती। बबलू दास ने कहा, "हमें तो बहुत प्रसन्नता है कि हम नन्हे हाथी को उसकी मां से मिलवा पाए। हमें तो आपका धन्यवाद करना है कि आपने हमारा साथ दिया।"

 वन अधिकारियों से हाथ मिलाकर बबलू दास अपने दोस्तों के साथ वापिस आ गया। वह सोच रहा था कि काश वह उस नन्हे हाथी के बच्चे को पाल पाता, तो कितना मज़ा आता!

Saturday, September 5, 2026

विजयी वयोवृद्धा

 97 वर्षीया गुण माया बोहरा का सिर थोड़ा हिला, तो उनके रिश्तेदारों को प्रतीत हुआ कि शायद वे अभी जिंदा हैं। उनके पोते रसिक बोहरा ने बताया कि वे कीचड़ में आठ से नौ घंटे तक पड़ी हुई थीं।  ऐसा लग रहा था कि शायद उनकी मौत हो गई है।

नेपाल के त्रिशूली बाजार में भयंकर बाढ़ आने पर नुवाकोट की गुणमाया बोहरा इस बाढ़ मे अपने घर में ही घिर गई। आसपास की सभी सडकें बाढ़ में बह गई और उनका मकान भी ढह गया। बाढ़ की मिट्टी और मकान का मलबा सभी उनके ऊपर आ गिरे। लगभग 8-9 घंटे तक वह गीली मिट्टी और मलबे में दबी रही।

 अचानक उनके थोड़ा हिलने डुलने से किसी की नज़र उन पर पड़ी। उनका सिर हिल रहा था। तुरंत बचाव कार्य कर्मचारी और उनके रिश्तेदार, कीचड़ और मलबे के बीच से उन्हें निकालने का प्रयत्न करने लगे। 

आखिर जब उन्हें निकाला गया तो वे पूरी मिट्टी से लिपटी हुई थीं। उनके कपड़े, बाल और मुंह सब कीचड़ से लथपथ थे। लेकिन वे चुपचाप शांत बैठी रहीं। उन्हें किसी प्रकार काठमांडू के बीर हॉस्पिटल में ले जाया गया।

 उनकी उम्र इतनी बड़ी होने पर भी उनके शरीर पर किसी प्रकार के घाव के निशान नहीं थे। उनके पोते रसिक ने बताया कि वे बिल्कुल ठीक हैं। उसे लग रहा था कि यह तो चमत्कार है, कि इतनी बड़ी उम्र में भी वे इतनी बड़ी आपदा से सुरक्षित बाहर निकल आईं। उनका प्रपौत्र दीपक बोहरा भी बहुत खुश था। वह कह रहा था कि उनकी परदादी एक योद्धा की तरह प्रतीत हो रही हैं। वे बाढ़ से युद्ध में हारी नहीं, बल्कि विजयी होकर बाहर आई हैं।

Tuesday, September 1, 2026

हरि दर्शन

 शरण प्रभु की आओ रे, यही समय है प्यारे।

 आओ प्रभुगुण गाओ रे, यही समय है प्यारे।


 उदय हुआ हरि नाम का भानु, 

आओ दर्शन पाओ रे, यही समय है प्यारे। 


झूठ, कपट और निंदा त्यागो, 

सत्य में चित्त लगाओ रे, यही समय है प्यारे।


 शरण प्रभु की आओ रे, यही समय है प्यारे।

Thursday, August 20, 2026

जीवन की बांसुरी

बांसुरी स्वयं नहीं बजती;

प्रयास अपेक्षित है। 

मधुर सृजन हेतु  वांछित है,

अधरों का कंपन;

सधी हुई वायु का स्पंदन; 

और दक्ष तर्जनी का प्रबन्धन।

तभी निस्सृत होगी सप्तस्वरी सरगम। 

चेष्टा व्यर्थ नहीं जाती।

किन्तु अकर्मण्य रहकर,

आनंद रस की आकांक्षा करना,

दिवास्वप्न की भांति छलावा भर है।

पुरुषार्थ भरता है, 

जीवन में रस और माधुर्य। 

बांसुरी के स्वर को साधती है, 

ऐसी सतत साधना,

जिसमें तल्लीनता का पूर्ण भाव हो।

और स्वयं को खो देने का साहस हो।

पूर्ण रस में निमग्न होकर,

डूबने का चाव हो।

आह्लादित कर दे जो प्राण प्राण को,

सुरों की सरिता में गोते लगा ले।

बांसुरी ऐसी बजे कि स्वयं को भी भुला दे। 

गहन सप्तसुरों में डूबा आनंद, 

जीवन को मदमस्त कर दे। 

शिखर तक पहुंच पाएं प्राण; 

तब विस्मृत हो भाव जग का।

ऐसी बजे बांसुरी कि,

निष्प्राण तन चहक उठे।

बांसुरी के स्वर फूटें,

तो सोए वाद्य हो उठें झंकृत, 

पूर्ण अस्तित्व हो उठे पुलकित। 

एक-एक छिद्र से निस्सृत कंपन,

विलीन कर दे तन-मन का आभास।

और प्राणों में संचरित हो, 

सरलता, स्फूर्ति और विश्वास।

Wednesday, August 19, 2026

ज़िंदगी जीत गई

 पत्नी की चिता जल चुकने के पश्चात, वह अपनी तेरह दिन की बच्ची को लेकर जल्दी-जल्दी जा रहा था। वह बच्ची को लेकर जिंदा दबाने के लिए ले जा रहा था। बच्ची के दादा ने तो सिर्फ उसे अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के लिए ही कहा था!

यह महाराष्ट्र के लातूर जिले की कहानी है। सत्तर वर्षीया सुनीता ने बताया कि उसके पिता ने उसकी माता को तभी छोड़ दिया था जब वे गर्भावस्था में थीं। उसके जन्म के बाद उसकी माता को जल्दी ही घर के कामों में लगना पड़ा। एक दिन घर के फर्श को गोबर से लीपते समय मां की मृत्यु हो गई। उस समय सुनीता केवल तेरह दिन की ही थी। सुनीता के नाना ने बच्ची को सुनीता के दादा के हाथ में सौंपते हुए कहा कि अब यह आपकी जिम्मेदारी है। दादा ने सुनीता के पिता के हाथ में बच्ची को दे दिया।

बच्ची को गोद में लेकर बेटा जल्दी-जल्दी बाहर जाने लगा तो दादा को शक हुआ। वह भी उसके पीछे-पीछे गए। लेकिन जब तक वह उसे पकड़ पाते, तब तक वह बच्ची को अपनी पत्नी के चिता के पास ही मिट्टी में दबा चुका था। बारिश से मिट्टी गीली हो चुकी थी। दादा ने जल्दी-जल्दी वहां की मिट्टी को हटाया। वहीं नन्ही सुनीता लेटी हुई थी। उन्होंने उसे उठाकर उसकी नाक के पास उंगली रखी, तो पाया कि अभी उसकी सांस चल रही है।

घर आकर उन्होंने सुनीता को अपनी बकरियों के साथ एक फटी साड़ी में लपेटकर लिटा दिया और स्वयं भी वही रात गुजारी। वास्तव में वे चाहते थे कि बच्ची को कुछ उष्णता का अनुभव हो। 

अगले दिन उन्होंने बकरी का दूध निकाल कर, रूई की बत्ती बनाकर, सुनीता को दूध पिलाया। लेकिन वह कब तक यह काम कर सकते थे? उन्होंने एक उपाय सोचा। वहीं पास में चंद्रभागा ने अपनी पुत्री कावेरा को जन्म दिया था। उन्होंने चंद्रभागा को कहा कि वह सुनीता को भी दूध पिला दे। इससे वह बच जाएगी। वैसे तो चंद्रभागा मानती नहीं; परन्तु दादा के बार-बार कहने पर उसने यह स्वीकार कर लिया।

बड़े होने पर दादा ने सुनीता और कावेरा, दोनों की पढ़ाई का इंतजाम किया। इसके लिए उन्हें कुछ रुपए उधार भी लेने पड़े। लेकिन इसकी उन्होंने परवाह न की। बच्चियां पढ़ाई में अच्छी थीं। लेकिन उच्च शिक्षा के लिए उन्हें पास के बड़े स्कूल में जाना पड़ा। 

वहां सुनीता को अपनी सौतेली मां के साथ रहना पड़ा। पिता तो वहां थे ही बुरे, सौतेली मां का और भी अधिक दुर्व्यवहार था। इतना सब सहते सहते भी उसने वहां पढ़ाई की। उसकी सौतेली मां ने एक दिन उसे खाने में ज़हर देने की कोशिश की। उसके बाद दादा जी ने उसे एक किराए का कमरा दिलवा दिया। वहां सुनीता और कावेरा रहने लगीं।

 दसवीं की परीक्षा के बाद लाटूर के एक अस्पताल में उन्हें नर्स की ट्रेनिंग में दाखिला मिल गया।  ये वहीं रहने लगीं और कुछ रुपए भी कमाने लगीं। वहीं पर दिलीप नाम का एक लैबोरेट्री का टैक्नीशियन भी अस्पताल में कर्मचारी था। वह भी वहीं रहता था, जहां यह दोनों किराए पर रहती थीं। धीरे-धीरे सुनीता और दिलीप का आपस में प्यार बढ़ गया। कावेरा ने इसकी शिकायत सुनीता के दादाजी से कर दी। दादाजी ने फिर उसके बाद सुनीता के पास आना बंद कर दिया।

 पन्द्रह वर्ष की सुनीता गर्भवती हो गई थी। उन्होंने दिलीप के साथ आर्य समाज के अनुसार विवाह कर लिया और वह नांदेड़ चली आई। उनका पहला बच्चा तो कुछ घंटे के बाद ही मर गया था। जब दूसरा बच्चा योगेश पैदा हुआ तो दादा और चंद्रभागा बच्चों से मिलने के लिए आए। सुनीता और दादाजी का रिश्ता फिर से स्थापित हो गया। तीन साल बाद एक और बच्चा जमीर पैदा हुआ। योगेश एक इंजीनियर बन गया और छोटा बच्चा जमीर, बच्चों का डॉक्टर बन गया।

सुनीता और दिलीप ने मिलकर लातूर में समाज सुधार के बहुत से कार्य किये। विशेष तौर पर वे कन्या भ्रूण हत्या के विरोध में समाज में जागृति फैला रही थीं। उनका कहना था कि समाज में स्त्रियों का पुरुषों जितना ही सम्मान होना चाहिए। 

धीरे-धीरे सुनीता ने तो अपनी नौकरी छोड़ दी; जिससे कि वह समाज सेवा भली प्रकार कर सके। वे लाटूर नगर परिषद में चुनी भी गईअं। वास्तव में वह सीट दलितों के लिए आरक्षित थी। शायद इसीलिए उनका चुनाव आसानी से हो गया। लेकिन देश में इमरजेंसी के दौरान में उन्हें जेल जाना पड़ा। तभी उनके दादा की भी मृत्यु हो गई। जेल से निकलने के बाद भी वे समाज सेवा करती रही। जेल में रहकर सुनीता ने अपनी पुस्तक भी लिखी। उसमें सुनीता की अपनी कहानी है।

सुनीता ने अपने पिता से कभी नहीं पूछा कि उन्होंने उसे जमीन में क्यों गाड़ दिया था? और क्यों वे दादाजी से इस बात पर नाराज थे, कि दादाजी ने उसे मौत के मुंह से बचा लिया था? सुनीता को पता था कि उसके पिता एक बेटी नहीं चाहते थे। ऐसी बेटी तो बिल्कुल भी नहीं जिसकी मां उसे जन्म देने के कुछ दिन बाद ही मर गई थी।

लेकिन वही सत्तर वर्षीया, साहसी सुनीता, आज यह सिद्ध कर चुकी हैं, कि जिंदगी हारने के लिए नहीं होती। जिंदगी तो हमेशा जीत ही जाती है।

Sunday, August 2, 2026

अनूठी चोरी!

 बेंगलुरु में एक आभूषणों की दुकान में चोरी हो गई थी। लगभग नब्बे ग्राम सोना खो गया था। कोई उसे चुरा ले गया था। सभी खोजबीन कर ली गई थीं। सीसीटीवी कैमरे में अच्छी तरह खंगाल कर देख लिया गया था। पुलिस वालों ने भी पूरी तहकीकात कर ली थी। लेकिन चोर का कोई पता न चल रहा था।

 आखिर नब्बे ग्राम सोने के गहने गए तो कहां गए? कोई चोर नहीं आया। नौकरों ने भी गहने नहीं उठाए। गहने किसी को बेचे भी नहीं गए। तो गहने कहां गए? आभूषणों की दुकान का मालिक बहुत परेशान था। बहुत सोच विचार किया, परन्तु कुछ भी समझ न आया।

 अचानक एक दिन दुकान के एक नौकर को दुकान के फर्श में एक बड़ा सा सुराख़ नज़र आया। उसे सुराख़ को बड़ी सावधानी के साथ धीरे-धीरे खोदा गया। उसके बाद जो नीचे दिखाई दिया, वह दृश्य बहुत हैरान कर देने वाला था। 

वहां एक चुहिया और उसके छः सद्योजात शावक कागजों के मुलायम बिछौने पर बैठे थे। नब्बे ग्राम सोने के गहने वहीं पर रखे हुए थे। सभी को बहुत हैरानी थी कि चुहिया को गहनों का शौक कैसे हो आया? 

लेकिन वास्तविक बात यह नहीं थी।  चुहिया को गहनों से कोई आकर्षण नहीं था। वह तो गहनों पर लिखे वजन वाले कागज मुंह में दबा कर ले जाती थी। जिसके साथ गहने पीछे-पीछे खिंचे आते थे। वह उन कागजों को कुतर-कुतर कर अपने बच्चों के लिए बिछौना बना रही थी। इसी तरह वह कई गहने ले गई। सभी गहनों पर जो वजन लिखा हुआ कागज था; उसे कुतर-कुतर कर उसने नन्हे शावकों का बिछौना बना लिया था।

 सभी खोए हुए गहने वहीं पर पड़े हुए थे।  दुकान का मालिक बहुत हैरान हुआ। उसे हंसी भी आ गई। उसने कहा, "हमने तो सोचा था कि किसी चोर ने यह सब गहने चुराए होंगे। चोरी तो हुई, लेकिन वह किसी व्यक्ति ने नहीं बल्कि एक चुहिया ने की। यह तो अनूठी 'सोना चोर' चुहिया है।"

यह सुनकर दुकान के सभी कर्मचारी भी हंस पड़े।

Monday, July 27, 2026

मौत से साक्षात्कार!

 गुजरात का कालू परमार गडरिया अपने अहाते में खड़ा हुआ था। अचानक उसे पीछे से एक धक्का लगा और किसी ने उसे दबोच लिया।

 जब तक वह देख पाता, कि किसने उसे दबोचा है; उससे पहले ही किसी ने कालू का हाथ अपने मुंह में दबा लिया। तब कालू परमार ने देखा कि एक सिंह ने पीछे से उस पर आक्रमण किया है।

 वह घबरा तो बहुत गया। उसने अपना हाथ छुड़ाने की जैसे ही कोशिश की; सिंह ने बैठे हुए कालू का एक पैर अपने पंजों के नीचे दबोच लिया और उसके ऊपर बैठ गया। 

            कालू को साक्षात मौत नजर आ रही थी। लेकिन उसने थोड़ा धैर्य से काम लिया। वह शांति से उसकी आंखों की तरफ देखता रहा और एक हाथ से उसकी गर्दन सहलाने लगा जैसे कि पालतू जानवरों के साथ किया जाता है। हैरानी की बात यह हुई कि इस पर सिंह ने कुछ प्रतिक्रिया नहीं दी। वह कालू को देखता रहा। कालू भी उसकी तरफ देखता हुआ उसकी गर्दन धीरे-धीरे सहलाता रहा।

 ऐसा लग रह रहा था जैसे दोनों मौन भाषा में बातें कर रहे हों। कालू परमार को यही लग रह रहा था कि काल उसके सामने है। और वह किसी भी पल काल का ग्रास बन जाएगा। लेकिन फिर भी बिना हिम्मत हारे हुए वह ऐसे ही बैठा रहा और उसे सहलाता रहा। शायद उसके शांतिपूर्ण व्यवहार के कारण ही सिंह उस पर कोई आक्रमण नहीं कर रहा था। कालू अगर इतना धैर्यवान न होता तो वह सिंह हिंसक हो सकता था।

 गांव वाले पीछे से पत्थर मारे जा रहे थे और शोर भी मचा रहे थे। लेकिन हैरानी की बात यह थी कि सिंह कालू परमार को देख रहा था और कुछ भी नहीं कर रहा था। कालू परमार भी शान्ति से बैठा था। उसके अंदर का डर धीरे-धीरे विलुप्त होता जा रहा था। शायद वह समझ रहा था की मौत आई, तब भी ठीक और बच गए तब भी ठीक। समभाव की अनुभूति के अतिरिक्त और कोई चारा भी तो न था।

 आधे घंटे के बाद, अचानक वह सिंह उठ खड़ा हुआ। वह अहाते से बाहर चला गया। कालू परमार ने राहत की सांस ली। उसे तो वह आधा घंटा एक युग के समान प्रतीत हुआ था। उसे यकीन नहीं हो रहा था कि वह मौत के मुंह से बच गया है। वह सिंह को जाते हुए देखता रहा। जब वह चला गया, तो गांव वाले उसके पास आए।

 कालू परमार का वह हाथ जो सिंह ने अपने मुंह में लिया था; जख्मी हो गया था और उसमें दांत के निशान भी थे।  लेकिन उसे और कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। वह पूरी तरह सुरक्षित था। गांव वाले खुशियां मनाने लगे। 

लेकिन कालू परमार को अभी तक विश्वास ही नहीं हो रहा था कि वह सिंह के पंजे से सकुशल बच गया है। शायद सिंह को भूख नहीं रही होगी। उसका पेट भरा हुआ होगा। तभी तो उसने कालू परमार को खाने की चेष्टा नहीं की। कालू परमार मन ही मन भगवान का धन्यवाद कर रहा था। उसके जीवन की यह सबसे आश्चर्य जनक घटना थी।

गांव वाले उसे हाथों पर ऊपर उठाकर नाचने लगे। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो वे मौत से हुए साक्षात्कार की जीत का जश्न मना रहे हों!

Wednesday, July 8, 2026

फिर मत कहना कुछ कर न सके

 फिर मत कहना कुछ कर न सके

 नहीं जीवन अब तक संवर सके


 जब नर तन तुम्हें निरोग मिला 

 सत्संगत का भी योग मिला

 फिर प्रभु कृपा अनुभव करके, 

यदि भवसागर तुम तर न सके


तुम सत्य तत्व ज्ञानी होकर 

तुम सत्धर्मी, मानी होकर

यदि सरल, निरभिमानी होकर 

कामना विमुक्त विचर न सके


 जग में जो कुछ भी पाओगे

 सब यही छोड़ कर जाओगे 

पछताओगे, यदि तुम अपना

 पुण्यों से जीवन भर न सके


 जब अंत समय आ जाएगा 

 तब क्या तुमसे बन पाएगा?

 यदि शक्ति समय के रहते ही

 आचार विचार सुधर न सके

Monday, June 8, 2026

"भिक्षाम देहि"

 "भिक्षाम देहि!" दरवाजे पर यह आवाज सुनकर नंदी देवी ने जब दरवाजा खोला तो पाया कि सामने 61 वर्षीय लंबी दाढ़ी वाला साधु खड़ा था। उस साधु ने पुनः कहा,"मां! भिक्षाम देहि।"

लगभग 46 वर्ष पहले पिथौरागढ़ बागेश्वर बॉर्डर से, एक 15 साल का किशोर, गांव छोड़कर चला गया था। उसको ढूंढने के सभी प्रयत्न असफल रहे थे। कुछ वर्षों बाद उसके पिता का भी देहांत हो गया था। उसका कुछ कुछ भी पता न चल पाया था।

 वास्तव में बुद्धि बल्लभ उपाध्याय नाम का एक लड़का अपने घर को छोड़कर चला गया था। उसने कुछ समय ट्रकों और दूसरे वाहनों में कुछ मजदूरी की। बाद में वह एक बीकानेर के एक मंदिर में चला गया। वहां उसने नाथ संप्रदाय को अपना लिया। अब उसका नाम बुद्ध नाथ हो गया। अपने गुरु से दीक्षा ली और वहीं रहने लगा। उसने संन्यास को अपना लिया। 4 वर्ष पहले उसके आध्यात्मिक गुरु की भी मृत्यु हो गई थी। मरने से पहले उन्होंने कहा था कि तुम्हारा संन्यास तभी पूर्ण हो पाएगा जब तुम अपनी माता से भिक्षा लेकर आओगे।

आज बुद्धनाथ अपनी माता के सामने खड़ा था। वह झोली फैला कर भिक्षा मांग रहा था। माता को जब सब कुछ पता चला तो उसकी आंख से टप-टप आंसू बहने लगे। उसने अपने बेटे को गले लगा लिया। बुद्ध नाथ ने माता के पैर छुए और उनको कहा कि वह उन्हें भिक्षा दे दें। जिससे कि उनका संन्यास धर्म पूरा हो सके और वह पूरे संन्यासी  बन सके।  

माता ने बहुत अनुग्रह किया कि वह गांव में ही रुक जाए और अपनी माता के पास रहे। लेकिन बुद्ध नाथ ने कहा कि वह संन्यासी बन चुका है और वह गांव में नहीं रहेगा। वह तो बीकानेर के मंदिर में ही रहेगा। हां, अगर कभी माता उससे मिलना चाहती हैं; तो वह बीकानेर के मंदिर में ही आ सकती हैं।

 मां का रो-रो कर बुरा हाल था। इतने वर्षों के बाद पुत्र आया तो वह भी किसी रूप में! लेकिन बुद्ध नाथ के बार-बार भिक्षा मांगने पर माता ने भंडार गृह से थोड़ा अनाज लाकर बुद्ध नाथ की झोली में डाल दिया। बुद्ध नाथ ने वह अनाज अपनी झोली में लिया। फिर विरक्त भाव से वह मुंह मोड़कर वापस चला गया। 

गांव वाले यह सब दृश्य देख रहे थे। उनकी भी आंखों में आंसू थे। परन्तु वे माता को समझा रहे थे, "देख! तेरा पुत्र कितनी महान आत्मा है! वह संन्यासी बन गया; यह तो अपने गांव के लिए बड़ी गर्व की बात है।" 

माता सब कुछ समझ रही थी। लेकिन वह अपने आंसुओं का क्या करें? वे तो किसी भी तरह थम ही नहीं रहे थे।


Tuesday, May 26, 2026

अनुपम उपहार

 महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में एक गांव है बहादरपुरा! वहां के लगभग 3465 निवासियों को एक अनोखा तोहफा विवाह के अवसर पर मिला।

 बहादरपुरा गांव में सांपों के काटने से, बिजली के गिरने से और खेतों में कोई दुर्घटना होने से मौत हो जाया करती थी। जिससे कि परिवार बहुत ही दुखी होते थे। उनकी परेशानी को दूर करने के लिए के उनके पास कोई जीवन बीमा योजना भी नहीं थी। ये घटनाएं घटती ही रहती थी और इनका कोई समाधान भी नहीं था। वास्तव में गांव वाले अगर कोई बीमा योजना ले भी लें तो उनकी किश्त कौन भरे? गांव वाले गरीब थे और उनकी अधिक आय भी नहीं थी। 

पेठकर परिवार के विवाह का समय पास आ रहा था। अनूप पेठकर ने कहा, "क्यों न इस विवाह में हम सभी ग्राम वासियों को एक अद्भुत तोहफा दें!" 

परिवार वालों से विचार विमर्श करने के बाद यह निर्णय हुआ कि सभी ग्राम वासियों को दुर्घटना बीमा अगर दे दिया जाए, तो वे कितने सुखी हो सकेंगे। उपहार का उपहार, और ग्रामवासियों के जीवन में जो खुशियां आएंगी सो अलग!

जयमाला, बैंड बाजे और शानदार भोजन के बाद जो कार्यक्रम था; उसकी तो किसी को उम्मीद ही नहीं थी। लगभग 4500 अतिथि इस विवाह में निमंत्रित थे। अतिथियों के सामने ही अनूप पेठकर ने सबको संबोधित किया, "सभी ग्रामवासी भाइयों। आज बेहद प्रसन्नता का अवसर है। इस अवसर पर मैं सबको एक तोहफा देना चाहता हूं। मैंने पूरे गांव का दुर्घटना बीमा करा लिया है। जिसमें दुर्घटना होने पर ₹100000 मिलेगा।"

जब लोगों ने यह सुना तो उनकी प्रसन्नता का ठिकाना न रहा। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण गूंज उठा। यह दुर्घटना बीमा 33 करोड़ का था। सभी ग्रामवासी ऐसा शानदार विवाह का तोहफा लेकर बहुत प्रसन्न हुए। सरपंच बलिराम पेट करने तो इसे बहुत अद्भुत तोहफा बताया। 

उसने कहा, "यह शायद इस प्रकार का सबसे पहला तोहफा है। ऐसा तोहफा तो कभी हमारे गांव में किसी ने किसी को नहीं दिया। शादी में लोग मिठाइयां बांटते हैं और तरह-तरह के तोहफे भी बांटते हैं।  परन्तु यह तो सबसे अद्भुत उपहार है। इस परिवार ने तो सबको सुरक्षा का तोहफा दिया है!"

अनूप पेठकर ने हाथ जोड़ते हुए कहा, "हमें तालियां नहीं चाहिए। हमें तो सबकी दुआएं मिल जाएं, वही बहुत है।"

 गांव वाले विवाह के बाद जब घर जा रहे थे तो उनके पास, एक शानदार विवाह की यादगार के साथ-साथ, भविष्य की अनिश्चितताओं के लिए मिला, एक विश्वास भी था। यह अनुपम उपहार, पूरे एक वर्ष तक उनका साथ देने वाला था।

Thursday, May 21, 2026

त्वचा की सुंदरता

 त्वचा की सुंदरता कई बातों पर निर्भर करती है। जिसमें सबसे प्रमुख बात है; अनुशासन में रहना। अगर आपका पूरा जीवन अनुशासित है तो आपके शरीर के सब अंगों के साथ आपकी त्वचा भी सुंदर रहेगी। वास्तव में त्वचा को सुंदर रखने के लिए बहुत सी बातें अनिवार्य रूप से करनी होती हैं। कई बातों का विशेष रूप से ध्यान रखना पड़ता है।

तनाव मुक्त रहना:  त्वचा की सुंदरता बनाए रखने के लिए तनाव मुक्त रहना बहुत आवश्यक है। तनाव मुक्त रहने से हमारे शरीर में अच्छे हारमोंस यानी एंडोर्फिंस बनते हैं जो कि त्वचा को चमकदार और झुर्रियों रहित बनाने में मदद करते हैं। तनाव पूर्ण रहने से हमारे शरीर में कॉर्टिसोल नाम का एक हार्मोन बहुत अधिक मात्रा में बनता है जिससे कि त्वचा के कॉलेजन नष्ट होने शुरू हो जाते हैं। इसीलिए आवश्यक है कि हम प्रसन्न चित्त रहें और कोई तनाव अपने मन मे न आने दें।

पर्याप्त नींद लेना:  त्वचा की सुंदरता बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि हम रात को पर्याप्त नींद लें। अगर हम नींद में कमी करते हैं तो हमारा शरीर त्वचा की टूट-फूट की मरम्मत नहीं कर पाता। इससे त्वचा असमय ही ढीली पढ़नी शुरू हो जाती है। उसकी सुंदरता नष्ट हो जाती है। चेहरे पर सूजन और आंखों के पास काले सर्कल भी नींद की कमी से ही आते हैं।

पर्याप्त पानी पीना:  त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाने के लिए आवश्यक है कि हम दिन भर में खूब पानी पिएं। अगर हम पानी पीने में कमी करते हैं तो उससे हमारे शरीर में टॉक्सिन इकट्ठे हो जाते हैं। शरीर में विषैले पदार्थ न जमा हों; इसके लिए पानी का काफी मात्रा में पीना बहुत आवश्यक है। इससे त्वचा नम रहती है और चमकदार भी रहती है।

कड़ी मेहनत:  अगर कड़ी मेहनत की जाए; तो उससे शरीर में खून का प्रवाह बहुत अच्छे तरीके से बना रहता है। जिससे कि शरीर भी स्वस्थ रहता है और त्वचा भी।  वास्तव में शारीरिक व्यायाम और परिश्रम करने से त्वचा से खूब पसीना निकलता है। इससे शरीर के सारे विषैले पदार्थ बाहर निकल जाते हैं और त्वचा तरो ताजा हो जाती है। व्यायाम से और मेहनत से खून का दौरा बढ़ता है; जिससे कि पूरे शरीर को पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मिल जाते हैं और हमारी त्वचा खिली रहती है। इसीलिए आलस को दूर रखकर प्रतिदिन व्यायाम और काम करना चाहिए।

संतुलित भोजन:  भोजन करते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि इसमें सारे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में हों। इसके लिए सलाद, कच्ची सब्जियां, सूखे मेवे सभी वस्तुओं का पर्याप्त समावेश होना चाहिए। समय पर खाना चाहिए और बहुत अधिक या बहुत कम नहीं खाना चाहिए। उससे भी शरीर तो स्वस्थ रहता ही है और त्वचा की सुंदरता भी बनी रहती है।

आत्मविश्वास:  अपने ऊपर विश्वास रखकर प्रत्येक कार्य करना और कठिन परिस्थिति में भी मुस्कुराते रहना यह भी त्वचा को स्वस्थ रखने का एक बहुत महत्वपूर्ण कारक है। वास्तव में परेशानियां और कठिन परिस्थितियां तो जीवन का एक अभिन्न अंग हैं। लेकिन आत्मविश्वास से इनका सामना करते हुए, अपनी सेहत का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी होता है। इससे हमारी त्वचा भी स्वस्थ बनी रहती है। वास्तव में स्वस्थ त्वचा ही तो सुंदर त्वचा होती है। 



Monday, May 18, 2026

केसर

 केसर एक बहुत सुंदर फूल से प्राप्त होता है। फूलों के मादा भाग के ऊपर के हिस्से यानी 'स्टाइल और स्टिग्मा' को ही सुखाकर केसर के रूप में प्रयोग किया जाता है। 

एक फूल से तीन केसर के fibre प्राप्त होते हैं। 1 ग्राम केसर को प्राप्त करने के लिए  कम से कम डेढ़ सौ फूलों का प्रयोग किया जाता है। 

  केसर कम कैलोरी वाला और कोलेस्ट्रॉल से रहित होता है। यह फैट फ्री होता है। इसके अंदर ऐसी घटक होते हैं, जो हमारे मस्तिष्क को सुचारू रूप से चलाने के लिए बहुत बढ़िया माने जाते हैं। डिप्रेशन और अल्जाइमर की बीमारी ठीक करने के लिए भी इसके अंदर अद्भुत कंपोनेंट्स पाए जाते हैं।

 अगर इसे वर्ष में एक बार केवल सर्दी में ले लिया जाए तो पूरे साल भर इसका असर रहता है। इसका अगर गर्म वस्तु के साथ सेवन करें तो यह गर्म तासीर का हो जाता है। और अगर इसका ठंडी वस्तु के साथ सेवन किया जाए तो इसकी तासीर ठंडी हो जाती है। अगर इसे गर्म दूध या गर्म पेय के साथ पिया जाए तो यह गर्मी देगा। लेकिन इसे ठंडाई या ठंडे पेय पदार्थ के साथ लिया जाए तो यह ठंडक प्रदान करेगा। अनुपान भेद से यह केसर ठंडा या गर्म हो जाता है।

 केसर के सेवन से नींद की गुणवत्ता बेहतर हो जाती है। अगर किसी को नींद नहीं आती है तो वे केसर का सेवन कर सकते हैं। खाने की बहुत अधिक इच्छा को कम करने के लिए भी केसर बहुत मदद करता है। इसका सेवन करने से भूख ठीक हो जाती है। आंखों की हेल्थ के लिए भी यह बहुत अच्छा है।  महिलाओं के पीएमएस के इलाज के लिए भी यह अद्भुत दवाई है। 

केसर हमारे देश में काफी मात्रा में पैदा होता हैं। इसके अलावा अरब देशों में और अफ्रीका में भी यह इसका उत्पादन होता है। सैफरन के तीन घटक होते हैं : सैफरानल, क्रोसिन और पिक्रो क्रोसिन। केसर के फूल के मादा हिस्से में ही यह तीनों घटक मिलते हैं।

Safranal: यह एक एल्डिहाइड है। यही सैफरन की भीनी महक के लिए जिम्मेदार होता है। इसकी खुशबू इसी घटक की वजह से आती है। यह घटक अनचाही कोशिकाओं की वृद्धि को रोकता है। लेकिन अच्छी कोशिकाओं की वृद्धि के लिए यह बहुत अच्छा है। यह शरीर में सूजन कम करता है। लिवर कैंसर आदि में भी इसके अच्छे प्रभाव देखने को मिले हैं। लिवर की सूजन भी इससे कम होती है।

Crocin नाम का घटक, केसर को केसरिया रंग प्रदान करता है। हृदय रोगियों को भी इससे बहुत लाभ होता है। कैंसर के रोगियों को जो कीमोथेरेपी होती है; उसके बाद उसमें न्यूरोपैथी होने की संभावना रहती है। इसको रोकने में भी केसर के अच्छे प्रभाव देखने को मिलते हैं।

Picrocrocin  नामक घटक के कारण केसर के स्वाद में थोड़ा कड़वापन होता है। यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल को ज्यादा बढ़ने नहीं देता। यह लिपिड का मेटाबॉलिज्म भी ठीक रखता है। यह मूड को अच्छा रखता है; और दिल और दिमाग की अच्छी तंदुरुस्ती के लिए भी बहुत मददगार है। इससे महिलाओं में पीएमएस की समस्या भी ठीक हो सकती है। 

केसर का प्रयोग हमें गर्मियों में ठंडा रखता है और सर्दियों में गर्म रखता है। इसके केवल दो फाइबर प्रतिदिन लेने से ही बहुत लाभ हो जाता है।

  केसर को 'सनशाइन स्पाइस' भी कहते हैं; क्योंकि यह चेहरे को सूरज जैसा चमका देता है।


Monday, May 11, 2026

सजग राही

ज़िदगी का सफ़र करने वाले

अपने मन का दीया तो जला ले 


 रात लंबी है गहरा अंधेरा

 जाने कब हो यहां पर सवेरा

 तू है अनजान मंजिल का राही

 चलते रहना ही है काम तेरा

 रोशनी से डगर जगमगा ले

अपने मन का दीया तो जला ले


लंबी-लंबी ये जीवन की राहें 

चूमना तेरे कदमों को चाहें 

गहन वन में कहीं खो न जाना

भटक जाएं न तेरी निगाहें 

हर कदम सोच कर तू उठा ले 

अपने मन का दीया तो जला ले

उमा महेश की झांकी

झांकी उमा महेश की, आठों पहर किया करूं।

नैनों के पात्र में सुधा, भर भर के मैं पिया करूं।


वाराणसी का वास हो

और न कोई पास हो 

गिरिजापति के नाम का, सुमिरन भजन किया करूं।


 अंबा कहीं श्रमित न हों

 सेवा का भार मुझको दो

 जी भर के तुम पिया करो, घोट के मैं दिया करूं।


 जी में तुम्हारी है लगन

 खींचते हैं उधर व्यसन

 हरदम चलायमान मन, इसका उपाय क्या करूं?


 भिक्षा में नाथ दीजिए

 अपनी शरण में लीजिए

 ऐसा प्रबंध कीजिए, सेवा में मैं रहा करूं।


 तुम तो जगत के नाथ हो

 सब पर दया का हाथ हो

 मैं ही निराश हो प्रभु, द्वार से क्यों फिरा करूं?

Sunday, May 10, 2026

कबाड़ में कनक!

 कुंती का बहुत मन था कि वह भी कुंभ के मेले में जाकर स्नान कर आए। लेकिन उसके पति राम दास को समय ही नहीं मिलता था। वह बिजली का मिस्त्री था और आसपास के सभी लोग उससे ही अपना काम करवाते थे। रामदास इतना कुशल था कि उसके अलावा किसी और से, वे काम करवाना पसंद नहीं करते थे। 

एक दिन कुंती ने अपने मन की बात रामदास के सामने रख दी। रामदास ने कहा, "मन तो मेरा भी बहुत था। लेकिन फुर्सत ही नहीं मिल रही।"

 कुंती के बहुत आग्रह करने पर रामदास ने कहा, "ठीक है। दो-चार दिन का समय निकालकर चलते हैं। बार-बार यह समय थोड़े ही आता है।"

 कुंभ के स्नान पर जाने से पहले उन्होंने सभी तैयारियां कर ली। कुंती के कुछ गहने भी अलमारी में रखे हुए थे। रामदास ने कहा "कहीं ऐसा न हो कि पीछे से कोई चोर घर में घुस आएं और ये गहने चुरा ले जाएं। तुम ऐसा करो कि उन गहनों को कहीं और छिपा दो।"

 कुंती ने कहा, "ऐसी कौन सी जगह हो सकती है जहां इन गहनों को छुपाए और चोरों को पता भी न लगे?"

 रामदास को एक विचार सूझा। उसने अखबारों की रद्दी में गहनों की एक पोटली बनाकर छिपा दी। उसने सोचा कि वापिस आकर, इन गहनों को दोबारा अलमारी में रख देंगे।

अगले दिन वे कुंभ स्नान के लिए चले गए। तीन-चार दिन बाद जब वे वापिस घर लौट कर आए तो अपने कामों में व्यस्त हो गए। उन गहनों की पोटली के बारे में तो वे भूल ही गए।

 दीवाली का समय पास आ रहा था। कुंती और रामदास घर की सफाई में व्यस्त थे। रामदास ने कहा, "घर का व्यर्थ का सामान फेंक देना चाहिए। जो चीज रद्दी में बेची जा सकती है उन्हें मैं कबाड़ में बेच आता हूं।" 

घर का सारा कबाड़ इकट्ठा करके वह रद्दी वाले को बेच आया। उन्हें यह याद ही नहीं रहा कि अखबारों के बीच में उनकी गहनों की पोटली भी रखी है। 

कई महीने बीत गए। एक दिन कुंती को किसी विवाह में सम्मिलित होना था। उसने गहने पहनने के लिए अलमारी खोली और उसमें से गहने निकालने लगी। लेकिन उसमें तो गहने थे ही नहीं। फिर उसे याद आया कि कुंभ जाते समय उन्होंने गहनों की पोटली अखबार की रद्दी में रख दी थी। उसने रामदास को बताया कि गहने तो अखबार की रद्दी के साथ कबाड़ वाले के पास ही चले गए हैं। रामदास तुरंत लपककर कबाड़ वाले के पास दौड़ा। उसने कबाड़ वाले से पूछा, "कहीं मेरे अखबारों की रद्दी में, तुमने मेरे गहनों की पोटली तो नहीं देखी?"

कबाड़ वाले रहमत मियां अपनी दुकान पर कबाड़ तुलवा रहे थे। चश्मे से झांकते हुए उन्होंने रामदास को देखा और पूछा, "कौन से गहने?"

 रामदास ने कहा, "मैंने छः सात महीने पहले आपको अखबारों की रद्दी बेची थी। गलती से उसी में मेरे गहनों की पोटली भी रखी हुई थी। अगर आपको वह गहनों की पोटली मिली हो तो कृपया उसे वापस कर दें। वह मेरे गहनों की पोटली है।"

रामदास को बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि इन्हें गहनों की वह पोटली मिली होगी। उसने तो ऐसे ही पूछ लिया था। लेकिन वह हैरान हुआ, जब रहमत मियां बोले, "अच्छा! तो वह पोटली तुम्हारी है।"

 वह सकपका गया और हैरान होकर उसने जवाब दिया, "हां। क्या आपको वह पोटली मिली है? वह मेरी ही है!"

हुआ यह, कि एक दिन, रहमत मियां अपनी कबाड़ की दुकान में मुआयना कर रहे थे कि कौन सा कबाड़ किस तरफ रखना है। अचानक उनकी नजर एक छोटी सी पोटली पर गई। उसके अंदर कुछ रखा हुआ प्रतीत हो रहा था। उन्होंने पोटली खोली तो पाया कि उसमें कुछ गहने थे। उन्होंने सोचा कि शायद कबाड़ में किसी के नकली गहने इस पोटली में आ गए हैं। तभी तो मजदूरों ने भी यह पोटली एक तरफ रख दी है। लेकिन गहनों की तरफ नजर डालते हुए उन्हें ऐसा प्रतीत हुआ कि शायद ये गहने नकली नहीं है। ये तो असली सोने के प्रतीत हो रहे हैं। ऐसा सोचकर उन्होंने वह पोटली अपने कुर्ते की जेब में रख ली।  उन्होंने सोचा कि दुकान बंद करने के बाद वे सुनार के पास जाएंगे और इस पोटली के गहनों की जांच करवा लेंगे।

 दुकान बंद करने के बाद जब वे घर की ओर गए तो रास्ते में एक सुनार की दुकान पर रुक कर उन्होंने उसे गहने दिखाए। और पूछा कि गहने नकली है या असली? 

"ये गहने तो शुद्ध सोने के हैं।" 

"अच्छा तो ये नकली नहीं है?"

 "नहीं। नहीं। असली सोने के गहने हैं!" यह कहते हुए सुनार ने हंसते हुए पूछ ही लिया, "क्या यह भी कबाड़ में बिकने के लिए आए थे?"

 रहमत मियां भी हंसते हुए बोले, "हां। ये कबाड़ के बीच में ही तो मिले हैं। इन्हें संभाल कर रख लूंगा। क्या पता किसी को याद आए और वह अपने गहने मांगने के लिए मेरे पास आए।"

सुनार ने भी कहा, "हां इन्हें संभाल कर रखिएगा यह असली सोना है।"

अब रामदास उन गहनों के बारे में पूछने आया, तो रहमत मियां को वह पोटली याद आ गई। उन्होंने उसे अपने घर में अच्छी तरह संभाल कर रखा हुआ था। 

उन्होंने रामदास को कहा, "तुम बिल्कुल निश्चिंत रहो। वह गहनों की पोटली मेरे पास संभली हुई रखी है।"

 रामदास की तो जान में जान आई। वह हैरान भी था और प्रसन्न भी! वह बार-बार रहमत मियां को धन्यवाद दे रहा था। रहमत मियां तो कह रहे थे, "भाई! मेरा धन्यवाद किस बात का? उस खुदा को धन्यवाद करो। शायद उन्होंने ही मेरी नज़र तुम्हारी गहनों की पोटली पर पड़वा दी और मैंनें तुम्हारे गहने संभाल कर रख लिए।" 

रामदास बहुत शुक्रगुजार था; भगवान का भी, और रहमत मियां का भी! 

आखिर कबाड़ में खोया हुआ कनक जो उसे वापिस मिल गया था!

Thursday, April 9, 2026

मोमो और गहने!

"मेरे सारे गहने कहां चले गए?" सरिता अलमारी के लॉकर को हैरानी से देखते हुए बोल उठी। उसने अपने पति अनिल को बुलाया और लॉकर दिखाते हुए बोली, "मेरे गहने तुमने लिए हैं क्या?"

 "नहीं!" अनिल ने कहा, "मैंने तो कोई गहने नहीं लिए।"

 "तो फिर मेरे गहने कहां चले गए? कहीं मैंने किसी और जगह तो अपने गहने नहीं रख दिए?"

 सरिता ने पूरा घर अच्छी तरह देख लिया। कपड़ों की अलमारी, रसोई घर के सभी शेल्फ, स्टोर हाउस यहां तक की बाथरूम भी लेकिन कहीं पर भी उसके गहने नहीं मिले। अनिल भी बहुत हैरान हुआ।

   "गहने कौन निकाल सकता है? कहीं तुमने ही तो निकाल कर कहीं और नहीं रख दिए गहने? गए तो कहां गए?"

 तभी उनका बेटा संदीप घर वापस आ गया। वह खेलने के लिए बाहर गया हुआ था। सरिता ने संदीप से भी पूछा, "संदीप! मेरे लॉकर में मेरे गहने रखे हुए थे। वह नहीं मिल रहे हैं। क्या तुम्हें उनके बारे में कुछ मालूम है? तुमने घर में कहीं देखे मेरे गहने?"

 संदीप 7-8 वर्ष का एक अबोध बालक था। उसे मोमो खाने का बहुत शौक था। वह रोज ही मोमो खाना चाहता था। लेकिन सरिता उसे रोज मोमो खाने के लिए पैसे नहीं देती थी। वह मोमो की दुकान पर जाता, तो मोमो वाला उसे कभी-कभी मुफ्त में ही मोमो खिला देता था। एक दिन मोमो वाले ने कहा कि तुम्हें अनलिमिटेड लाइफटाइम मोमो मिलेंगे।

 यह सुनकर संदीप बहुत प्रसन्न हो उठा। उसने कहा, "ऐसा कैसे हो सकता है ?"

मोम वाला बड़े प्यार से संदीप से बोला, "बेटा! ऐसा हो सकता है। तुम्हें बस यह करना है कि अपने घर रखे हुए मम्मी के गहने मुझे दे जाओ।"

 संदीप अपने घर आया। उसने किसी को कुछ भी नहीं बताया। उसने चुपचाप लॉकर से गहने निकाले और मोमो वाले को दे दिए। मोमो वाले ने उसे बहुत सारे मोमो दिए। उसने मन भर कर मोमो खाए और किसी को कुछ भी नहीं बताया। लेकिन अगले दिन जब वह मोमो वाले के पास गया, तो उसने पाया कि वहां मोमो वाला था ही नहीं। फिर वह दो-तीन दिन तक उसके पास जाता रहा। लेकिन मोमो वाला वहां वापस नहीं आया। वह निराश हो गया। लेकिन उसने घर में कुछ भी नहीं बताया।

अब गहनों की तलाश हो रही थी। उसकी मां उसे अपने गहनों के बारे में पूछ रही थी। तब उसे लगा कि उसे गहनों के बारे में सब कुछ सच-सच बता देना चाहिए।  उसने सारी बात अपने माता-पिता को बता दी। अनिल उसके साथ वहां गया, जहां वह रोज मोमो खाता था। वहां पर कोई भी नहीं था। आस-पास पूछने पर पता चला कि वह कई दिन पहले से वहां से गायब है। यह भी पता चला कि वह आसपास की ही किसी झुग्गी झोपड़ी कॉलोनी में रहता है।

 जब अनिल उसके झुग्गी ढूंढते हुए वहां पहुंचा, तो पता चला वह झुग्गी बेचकर कहीं चला गया है। वे दोनों बहुत निराश हुए। पर अब कर ही क्या सकते थे? संदीप बहुत अधिक दुखी हुआ। उसने अपने पिता से कहा कि उसने बहुत गलत काम किया है। आगे से वह ऐसा कभी भी नहीं करेगा। लेकिन अब गहने तो वापिस आ नहीं सकते थे। 

अनिल ने पुलिस में रिपोर्ट लिखवाई। पुलिस वाले भी बहुत अधिक हैरान हुए। उन्होंने अनिल को आश्वासन दिया कि वे मोमो वाले को ढूंढने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। लेकिन वे आश्चर्य चकित थे इस बात पर, कि ऐसा कैसे हो सकता है कि इतनी तुच्छ वस्तु के लालच में आकर, एक अबोध बच्चे ने अपनी मां के सारे गहने, मोमो वाले के हाथ में थमा दिए?


Saturday, March 28, 2026

वासनाएं (desires)

 न जातु काम: कामानाम उपभोगेन शाम्यति

 हविषा कृष्णवर्तमा इव भूय एव अभिवर्धते

विभिन्न प्रकार की इच्छाएं अथवा वासनाएं भोगने से शांत नहीं होतीं; बल्कि और अधिक बढ़ती ही चली जाती हैं। ठीक इसी प्रकार, जिस प्रकार कि अग्नि में घी डालने से आग की लपटें बुझती नहीं, वरन और अधिक तीव्र हो जाती हैं।

 इन्हें नियंत्रित करने के लिए आत्म संयम और विवेक की आवश्यकता है। यद्यपि यह बहुत दुष्कर कार्य है। लेकिन निरंतर अभ्यास करते रहने पर, हम अपनी तृष्णाओं पर विजय प्राप्त कर सकते हैं।

Monday, March 23, 2026

स्वयं की खोज!

 मैं नहीं, मेरा नहीं, यह तन किसी का है दिया

 जो कुछ अपने पास है, वह धन किसी का है दिया।


 देने वाले ने दिया, वह भी दिया, किस शान से!

 'मेरा है!' यह पाने वाला, कह उठा अभिमान से

 मैं, मेरा, यह कहने वाला, मन किसी का है दिया।


 जो मिला है वह, हमेशा पास रह सकता नहीं

 कब बिछुड़ जाए यह; कोई राज़ कह सकता नहीं

 जिंदगानी का दिया, मधुबन किसी का है दिया।


 जग की सेवा; खोज अपनी; प्रीति उनसे कीजिए

 ज़िंदगी का राज़ है यह, जानकर जी लीजिए

 साधना की राह में, साधन किसी का है दिया।