Tuesday, May 26, 2026

अद्भुत उपहार

 महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में एक गांव है बहादरपुरा! वहां के लगभग 3465 निवासियों को एक अनोखा तोहफा विवाह के अवसर पर मिला।

 बहादरपुरा गांव में सांपों के काटने से, बिजली के गिरने से और खेतों में कोई दुर्घटना होने से मौत हो जाया करती थी। जिससे कि परिवार बहुत ही दुखी होते थे। उनकी परेशानी को दूर करने के लिए के उनके पास कोई जीवन बीमा योजना भी नहीं थी। ये घटनाएं घटती ही रहती थी और इनका कोई समाधान भी नहीं था। वास्तव में गांव वाले अगर कोई बीमा योजना ले भी लें तो उनकी किश्त कौन भरे? गांव वाले गरीब थे और उनकी अधिक आय भी नहीं थी। 

पेठकर परिवार के विवाह का समय पास आ रहा था। अनूप पेठकर ने कहा, "क्यों न इस विवाह में हम सभी ग्राम वासियों को एक अद्भुत तोहफा दें!" 

परिवार वालों से विचार विमर्श करने के बाद यह निर्णय हुआ कि सभी ग्राम वासियों को दुर्घटना बीमा अगर दे दिया जाए, तो वे कितने सुखी हो सकेंगे। उपहार का उपहार, और ग्रामवासियों के जीवन में जो खुशियां आएंगी सो अलग!

जयमाला, बैंड बाजे और शानदार भोजन के बाद जो कार्यक्रम था; उसकी तो किसी को उम्मीद ही नहीं थी। लगभग 4500 अतिथि इस विवाह में निमंत्रित थे। अतिथियों के सामने ही अनूप पेठकर ने सबको संबोधित किया, "सभी ग्रामवासी भाइयों। आज बेहद प्रसन्नता का अवसर है। इस अवसर पर मैं सबको एक तोहफा देना चाहता हूं। मैंने पूरे गांव का दुर्घटना बीमा करा लिया है। जिसमें दुर्घटना होने पर ₹100000 मिलेगा।"

जब लोगों ने यह सुना तो उनकी प्रसन्नता का ठिकाना न रहा। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण गूंज उठा। यह दुर्घटना बीमा 33 करोड़ का था। सभी ग्रामवासी ऐसा शानदार विवाह का तोहफा लेकर बहुत प्रसन्न हुए। सरपंच बलिराम पेट करने तो इसे बहुत अद्भुत तोहफा बताया। 

उसने कहा, "यह शायद इस प्रकार का सबसे पहला तोहफा है। ऐसा तोहफा तो कभी हमारे गांव में किसी ने किसी को नहीं दिया। शादी में लोग मिठाइयां बांटते हैं और तरह-तरह के तोहफे भी बांटते हैं।  परन्तु यह तो सबसे अद्भुत तोहफा है। इस परिवार ने तो सबको सुरक्षा का तोहफा दिया है!"

अनूप पेठकर ने हाथ जोड़ते हुए कहा, "हमें तालियां नहीं चाहिए। हमें तो सबकी दुआएं मिल जाएं, वही बहुत है।"

 गांव वाले विवाह के बाद जब घर जा रहे थे तो उनके पास, एक शानदार विवाह की यादगार के साथ-साथ, भविष्य की अनिश्चितताओं के लिए मिला, एक विश्वास भी था। यह अद्भुत उपहार पूरे एक वर्ष तक उनका साथ देने वाला था।

No comments:

Post a Comment