Monday, June 9, 2025

मनमोहना, बड़े झूठे!

 बेंगलुरु से वापस आते समय राजधानी एक्सप्रेस में एक युवक मेरे पास आया। उसने बड़ी विनम्रता से मुझसे पूछा कि सबसे ऊपर वाली बर्थ क्या आपकी है?

 मैंने कहा, "हां। वह मेरे लिए आरक्षित है।" उस युवक ने मुझे बताया कि सबसे नीचे की बर्थ उसके लिए आरक्षित है। क्या मैं उसकी बर्थ से अपनी बर्थ बदल सकती हूं? मैंने सहर्ष उसका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। 

मुझे इसमें क्या आपत्ति हो सकती थी? मैं नीचे वाली बर्थ पर ही आराम से सो सकती थी। ऊपर चढ़ना दूभर हो जाता। उस युवक को ऊपर वाली बर्थ ही सोने के लिए ठीक लग रही थी।इसके बाद उसे युवक ने अपना समान ऊपर के बर्थ पर रखा और वह नीचे मेरे साथ सीट पर बैठ गया। 

वह केरल का रहने वाला युवक था। उसकी नौकरी दिल्ली के दिल्ली के कर्नाटका बैंक में लग गई थी। वह बहुत प्रसन्न था। उसने बताया कि नौकरी लगने से वह खुश तो है लेकिन दिल्ली में उसके पास रहने के लिए कोई स्थान नहीं है। उसे होटल में ही रहना पड़ेगा। बाद में वह कोई रहने का स्थान ढूंढ लेगा।

 मुझे बातचीत करते हुए वह युवक बहुत अच्छा लगा वह बिल्कुल सीधा और प्रतिभाशाली युवक था। लेकिन उसे हिंदी नहीं आती थी वह या तो अंग्रेजी बोल सकता था और या मलयालम। तो मैंने उसे अंग्रेजी में ही बातें की। 

उसके पास दिल्ली में रहने के लिए कोई स्थान नहीं था। अतः मैंने सोचा क्यों न इस युवक को अपने घर का एक कमरा किराए पर दे दूं। कुछ टाइम मेरे पास रहकर यह फिर अपनी व्यवस्था स्वयं कर लेगा। ऐसा सोचकर मैंने उसे कहा कि तुम कुछ टाइम के लिए मेरे कमरे में रह सकते हो। वह बहुत खुश हुआ। उसने यह प्रस्ताव बहुत सरलता से स्वीकार कर लिया।

  दिल्ली पहुंचने के बाद एक सप्ताह बाद वह युवक मेरे पास आया और उसने कहा, "मैं आपके कमरे में रहना चाहता हूं। मैं कब से रहने आ जाऊं?" 

 मैंने उससे कहा कि तुम कभी भी आ सकते हो। वह अगले दिन ही अपना सामान लेकर मेरे पास रहने आ गया। वह सारा दिन बैंक में ही रहता था। बस रात को वहां सोता था।  कभी-कभी मेरे साथ टेलीविजन के प्रोग्राम्स देख लेता था।

 एक दिन टीवी में एक गायिका का विभिन्न रागों पर संगीत सुना रही थी।  उसने एक गाना सुनाया, "मनमोहना, बड़े झूठे!" वह युवक बड़े ध्यान से यह गाना सुन रहा था। मैंने पूछा, "क्या तुम जानते हो कि इसका अर्थ क्या है?"

 उसने कहा, "हां हां मुझे पता है।" वह इंग्लिश में ही बोल रहा था "आफ कोर्स आंटी! आई नो द मीनिंग ऑफ़ दिस सॉन्ग।"

 मैंने पूछा, "ठीक है। तो बताओ इसका क्या मीनिंग है?"

 उसने बड़ी सहजता से कहा, "इसका मतलब है कि हमारे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बहुत झूठे हैं। ही इस ए लायर!" 

मुझे बहुत हंसी आई। मैंने कहा, "इसका यह मतलब है?"

 उसे युवक ने कहा, "हां आंटी! इसका यही मतलब है। लेकिन आप हंस क्यों रही हैं?"

 तब मैंने उसे समझाया, "इसका मतलब है, मनमोहन अर्थात कृष्ण जी, बहुत झूठे हैं। इस गाने में गोपी कृष्ण जी को कह रही है कि कृष्ण जी बड़े झूठे हैं।  इसीलिए वह कह रही है; मनमोहना बड़े झूठे!"

 वह बड़ा हैरान हुआ। उसने कहा, "मनमोहन सिंह जी, हमारे प्रधानमंत्री को नहीं कह रहे?"

 मैंने कहा, "नहीं। कृष्ण जी को भी मनमोहन कहते हैं। यहां पर गोपी उन्हीं को संबोधित कर रही है" 

जब उसे पूरी बात समझ आ गई तो वह भी हंसने लगा और फिर उसने उस गाने का भी पूरा आनंद लिया।

Thursday, June 5, 2025

मुलेठी या खैनी?

 प्रदीप और ओमपाल को लगातार खांसी आ रही थी। बार-बार खांसी आने से वे दोनों परेशान हो रहे थे। आजकल कोरोना संक्रमण भी बहुत बढ़ गया है। इसीलिए मैंने सोचा कि उनकी खांसी किसी प्रकार रुक जाए तो अच्छा होगा।

वास्तव में घर में रंग रोगन का काम हो रहा था और यह दोनों कारीगर बर्जर कंपनी से आए हुए थे। यह दोनों बहुत सुंदरता से घर को पेंट करने में लगे हुए थे। बिल्कुल मौन रहकर सधे हुए हाथों से वे निरंतर कार्यरत थे। लेकिन उनकी खांसी उन्हें बहुत परेशान कर रही थी। 

 मेरे पास मुलेठी का पिसा हुआ पाउडर रखा था। उसमें थोड़े बहुत नन्हे नन्हे तिनके थे। और बाकी पाउडर के रूप में मुलेठी पिसी हुई रखी थी। मैंने थोड़ा सा पाउडर, करीब चुटकी भर, ओमपाल को दिया। मैंने उसे पाउडर को देते हुए कहा कि यह चूसने से तुम्हारी खांसी ठीक हो जाएगी।

 ओमपाल ने हाथ बढ़ाकर हथेली पर थोड़ा सा पाउडर ले लिया और दूसरे हाथ की उंगलियों से उसे टक टक करके सिर्फ तिनके के मुंह में रखे और बाकी पाउडर झाड़कर फेंक दिया। मुझे बहुत हंसी आई और मैं हैरान भी हुई। मैंने कहा, "यह क्या किया? असली दवाई तो इस पिसे हुए पाउडर में ही है।"

 प्रदीप को भी हंसी आ गई। उसने कहा, "यह खैनी खाता है। खैनी को हथेली पर रखता है। दूसरे हाथ से उसे दो-तीन बार ठक-ठक कर तिनके मुंह में रख लेता है और बाकी चूना झाड़ देता है। इसीलिए इसने मुलेठी के पाउडर को भी इसी तरह का समझ लिया। और सिर्फ तिनके मुंह में डाल लिए।"

 मुझे हंसी आ रही थी। मैंने कहा,  "प्रदीप! तुम्हें पता है यह मुलेठी क्या चीज है?"

 उसने कहा, "हां। मैं जानता हूं। मुझे पहले भी किसी ने यह दी थी और इससे मेरी खांसी रुक गई थी। मुझे पता है कि इसे पूरा चुटकी भर मुंह में ही डालना होता है। सिर्फ तिनके नहीं।"

 मैंने प्रदीप को भी चुटकी भर मुलेठी का चूरा दिया क्योंकि उसे भी तो खांसी आ रही थी। लेकिन ओमपाल ने मुलेठी के चूरे के साथ जो किया वह देखकर तो हंसी रुक ही नहीं रही थी। अब तो ओमपाल भी सब कुछ समझता हुआ मुस्कुरा रहा था।

Saturday, May 3, 2025

छोड़ दें, अभी

हर किसी को प्रसन्न करने की चेष्टा छोड़ दें।

परिवर्तन से डरना छोड़ दें।

भूतकाल में अधिक अवस्थित रहना छोड़ दें।

अपने को किसी से कम समझना छोड़ दें।

बहुत अधिक सोच विचार करना छोड़ दें।

Friday, May 2, 2025

जसमिन्दर मैम, निराला व्यक्तित्व!

जसमिंदर मैम की सेवा निवृत्ति के अवसर पर, कुछ भावभीनी पंक्तियां समर्पित करने से, अपने को रोक न पाई। आप भी उनके व्यक्तित्व को अनुभव करने का प्रयास करें।


शब्दों में कहां इतनी क्षमता?

जो आपके समुचित सम्मान की करें समता। 


भावनाओं के धरातल पर, 

आप तो सलोने हैं। 

आच्छादित मूक अभिव्यक्ति पर, 

सभी मापदंड बौने हैं।


पैनी दृष्टि और दक्ष अंतर्मन ने, 

परखी परदुःख की परछाई।

अभी आभास भी नहीं हुआ, 

और मदद स्वयं चली आई!


साहस और समर्पण का अद्भुत संगम!

कार्यशीलता और वाकपटुता सुंदरतम!!


ऐसे व्यक्तित्व को समर्पित मन।

शत-शत नमन! शत-शत नमन!!

Saturday, April 19, 2025

नीम के लड्डू!

 त्वचा को तंदुरुस्त रखना है और अगर त्वचा के दाग धब्बे मिटाने हैं; तो रोज सुबह एक छोटा नीम का लड्डू खाएं। 

नीम का लड्डू! जी हां! यह नीम का लड्डू है; लेकिन यह मीठा नहीं है। इसे बनाने के लिए छः वस्तुओं की आवश्यकता है।

 नीम के पत्ते, काली मिर्च, हींग, जीरा, अजवाइन और सेंधा नमक। इन सबको अच्छी तरह पीस कर छोटे-छोटे लड्डू बना लें।। बिल्कुल छोटे लड्डू यानी छोटी-छोटी गोलियां। यदि पूरा परिवार छोटी-छोटी नीम की गोली सवेरे-सवेरे पानी के साथ खा ले; तो पूरे परिवार की ही त्वचा बहुत तंदुरुस्त रहेगी। 

बदलते मौसम में लगभग चालीस दिन तक तो यह प्रयोग अवश्य ही करना चाहिए; क्योंकि यह विभिन्न प्रकार की एलर्जी को भी ठीक करता है। इसके प्रयोग से ऋतु परिवर्तन में होने वाला मौसमी बुखार भी नहीं होता।

केवल इतना ही नहीं, इसके प्रयोग से मोटापा, थायराइड, बीपी, एसिडिटी, कब्ज इत्यादि बीमारी भी ठीक होती हैं।

फोड़े, फुंसी, गांठ

 बहुत ही सरल उपाय है। अगर शरीर में कहीं भी फोड़े फुंसी या गांठ हो जाए; तो थोड़ी हल्दी, एलोवेरा और शहद तीनों बराबर मात्रा में मिलाकर पेस्ट की तरह बना लें। अगर पेस्ट ज्यादा तरल हो तो सूखा हल्दी पाउडर मिलाकर थोड़ी गाढ़ी पेस्ट बना लें।

 इस पेस्ट को फुंसी, फोड़े या गांठ पर लगाते रहें। चार या पांच दिन में ही लाभ होना प्रारंभ हो जाएगा।

Tuesday, April 15, 2025

कछुए की लंबी रेस

 आजकल कछुए दिन पर दिन बहुत चालाक होते जा रहे हैं। शायद चालाकी में भी खरगोश को मात देते हैं। यद्यपि चुस्ती में भी वे खरगोश को मात दे सकते हैं।

 अभी कुछ दिनों पहले की ही बात है कि उड़ीसा के एक मादा कछुए ने निश्चय किया कि वह अपने अंडे उड़ीसा में नहीं देगी। बल्कि महाराष्ट्र के कोंकण के तट पर समुद्र तट पर वह अंडे देगी और इसके लिए उसने गजब की स्फूर्ति और साहस दिखाया।

       वह अरब सागर में 3500 किलोमीटर तैरती रही और आखिर में महाराष्ट्र के कोंकण तट पर पहुंच ही गई। वहां उसने 120 अंडे दिए। उसके 120 अंडों में से 107 अंडों के तो नन्हे नन्हे बच्चे भी निकले।

 वह मादा कछुआ अब बहुत खुश है। वह दिल से चाहती है कि महाराष्ट्र में उसके बच्चे हीरो या हीरोइन तो बनें या ना बनें; परन्तु कम से कम किसी फिल्म में उनका कुछ रोल अवश्य हो।

 उस मादा कछुआ की यह इच्छा नहीं रही होती; तो वह 3500 किलोमीटर तैर कर कोंकण के समुद्र तट पर अंडे देने, आखिर क्यों जाती? मानना पड़ेगा कि जीवन की लंबी रेस में भी कछुए खरगोश के मुकाबले बहुत ज्यादा आगे हैं।