अचानक रुद्रांश बोल उठा, "डॉलर गंजा हो गया!"
मैं सुनकर बहुत हैरान हुई। "अरे! यह क्या कह रहा है? डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कुछ कर दिया क्या? डॉलर गंजा कैसे हो सकता है? क्या डॉलर की कीमत बिल्कुल ही गिर गई; जो कि डॉलर गंजा हो गया? ऐसी क्या बात हो गई? तुझे कैसे पता चला रुद्रांश?" मैं बोली।
रुद्रांश खिड़की के बाहर देख रहा था। उसने फिर हंसते हुए कहा, "डॉलर गंजा हो गया!"
अब मैंने भी खिड़की के बाहर देखा। तब सब कुछ समझ कर मुझे भी बहुत हंसी आई।
वास्तव में हमारे पड़ोस में, आशीष ने एक हस्की नस्ल का कुत्ता पाला हुआ है। जिसका नाम है डॉलर! उसको घुमाने के लिए आशीष अपने साथ ले जा रहा था। उस कुत्ते के सारे बाल बिल्कुल सफाचट करवा दिए गए थे।
साइबेरियन हस्की कुत्तों को बहुत ज्यादा गर्मी लगती है। और वह गर्मी का ही मौसम था। इसीलिए डॉलर बहुत परेशान हो रहा था। आशीष ने उसके सभी बाल उतरवा दिए थे। डॉलर देखने में बहुत अजीब सा लग रह रहा था। उसी को देखकर रुद्रांश बोल रहा था, "डॉलर गंजा हो गया!" लेकिन मैं कुछ और ही समझ बैठी थी।
डॉलर के लिए अगर "कुत्ते" शब्द का इस्तेमाल किया जाए तो आशीष को बहुत बुरा लगता है। वह कहता है, "यह डॉलर है। इसे कुत्ता मत बोलो।"
लेकिन जब यह किस्सा मैंने आशीष को बताया, तो उसे भी बहुत मज़े आए और वह भी खूब हंसा। उसने डॉलर को कहा, "यार! आंटी ने तो तेरी वैल्यू बढ़ा दी!"
No comments:
Post a Comment